बैगा आदिवासी के साथ वनकर्मी की कथित मारपीट, ग्रामीणों ने चौकी पर किया प्रदर्शन

सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत गोभा में आदिवासी बैगा समुदाय के श्री लाल बैग के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को जिला पंचायत सदस्य, कांग्रेस के कई नेता और स्थानीय ग्रामीण गोभा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपित वनकर्मी सुनील कुमार बुनकर के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
घटना के दौरान स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आरोपित वनकर्मी शराब के नशे में कथित रूप से चौकी पहुंच गया। वहीं, लाल बैग के साथ मारपीट के विरोध में ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे। नशे में चौकी पहुंचे वनकर्मी का वीडियो स्थानीय लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि श्री लाल बैग जंगल की जमीन पर खेती करता था, जिससे नाराज होकर वनकर्मी ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में पीड़ित का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर आरोपी वनकर्मी को चौकी परिसर से हटाया।पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है। हालांकि, वायरल वीडियो और गंभीर आरोपों के बावजूद अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने केवल कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पीड़ित आदिवासी परिवार और स्थानीय लोग कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दे रहे हैं। मामला सामाजिक और कानूनी रूप से संवेदनशील होने के कारण जिले में इसे लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।













