बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

उपलब्धियां गिनाते वक्त प्रभारी मंत्री की जुबान फिसली, सौर ऊर्जा को बता दिया परमाणु ऊर्जा

सिंगरौली।मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके का एक बयान चर्चा का विषय बन गया। कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते समय मंत्री की जुबान फिसल गई और उन्होंने सौर ऊर्जा को परमाणु ऊर्जा बता दिया।

कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि “यह मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है कि सिंगरौली के पड़ोसी जिले रीवा में ₹2.65 में परमाणु ऊर्जा बिक रही है।” मंत्री के इस बयान के बाद कुछ देर के लिए सभागार में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि असहज नजर आए, क्योंकि रीवा जिला देश की प्रसिद्ध सौर ऊर्जा परियोजना के लिए जाना जाता है, न कि परमाणु ऊर्जा के लिए।

मंत्री का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे सरकार की उपलब्धियां गिनाते समय हुई बड़ी तथ्यात्मक चूक बताया। वहीं विपक्षी दलों ने भी इस बयान को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री की जानकारी और तैयारी पर सवाल खड़े किए हैं।

फिलहाल प्रभारी मंत्री संपतिया उइके की ओर से इस बयान को लेकर कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है, लेकिन यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button