अज्ञात भय के कारण दो माह से स्कूल नहीं आ रहीं 146 छात्राएं, प्रशासन ने शुरू की जांच

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के आदिवासी बहुल विकासखंड लखनादौन स्थित मढ़ी गांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पिछले कुछ समय से अजीब स्थिति बनी हुई है। बीते दो माह से यहां पढ़ने वाली 146 छात्राएं स्कूल नहीं आ रही हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक कुल 143 छात्र और 146 छात्राएं अध्ययनरत हैं। बीते करीब 15 दिनों से छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने और चीखने-चिल्लाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे गांव में भय का माहौल बन गया और कुछ ग्रामीणों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए झाड़-फूंक तक शुरू कर दी।
हालांकि जब छात्राओं को लखनादौन अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकीय जांच में किसी गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए। हैरानी की बात यह है कि इस समस्या से केवल छात्राएं ही प्रभावित हो रही हैं, छात्र पूरी तरह सामान्य हैं।
सोमवार और मंगलवार को शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम स्कूल पहुंची, लेकिन एक भी छात्रा उपस्थित नहीं मिली। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम बदन बघेल ने बताया कि कई बार हीमोग्लोबिन की कमी या मानसिक तनाव के कारण ऐसी स्थिति बन सकती है। जल्द ही स्कूल में स्वास्थ्य शिविर लगाकर छात्राओं की जांच और काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि डर और भ्रम को दूर किया जा सके।प्रशासन का कहना है कि छात्राओं को सुरक्षित और स्वस्थ माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।













