मध्य प्रदेशसिंगरौली

बलात्कार के आरोपी ने पीड़ित परिवार को दी जान से मारने की धमकी, युवती एक साल से लापता, पुलिस अधीक्षक से की गयी शिकायत

सिंगरौली। जिले के वैढ़न थाना क्षेत्र से एक अत्यंत गंभीर मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोपी युवक द्वारा फरियादी परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी बेटी बीते एक वर्ष से लापता है, लेकिन पुलिस कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं।

पोंडी नौगई गांव निवासी पन्नेलाल यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री को अक्टूबर 2023 में राहुल बसोर नामक युवक शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। बाद में युवती ने परिवार को बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर पुलिस ने राहुल बसोर के खिलाफ धारा 376 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया।

परिवार का आरोप है कि 30 नवंबर 2023 को आरोपी फिर से युवती को घर से भगा ले गया, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पीड़ित पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के साथ कोई गंभीर अनहोनी भी हो सकती है।

मामले में एक और गंभीर मोड़ तब आया जब आरोप है कि 6 दिसंबर 2025 को राहुल बसोर पीड़ित के घर पहुंचा और परिवार तथा गांव के पूर्व सरपंच व पंच को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी और उसका पिता दोनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पुलिस कार्रवाई न होने से उनका हौसला बढ़ा हुआ है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से युवती की तत्काल तलाश, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है।

Author

Related Articles

Back to top button