नगर निगम सिंगरौली का व्यापक स्वच्छता अभियान जारी

सिंगरौली-नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशन में दिसंबर माह के स्वच्छता कैलेंडर के अंतर्गत नगर निगम सिंगरौली द्वारा शहरभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा बनाना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के दौरान विभिन्न जोनों में नालों व नालियों की साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया। सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर उनकी साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को भी परखा गया, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामीण जोन में उपायुक्त श्री आर.पी. बैस, नवजीवन विहार जोन में कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पांडे, मोरवा जोन में सहायक यंत्री श्री अभयराज सिंह, बैढन जोन में सहायक आयुक्त श्रीमती ज्योति सिंह तथा जयंत जोन में स्वास्थ्य अधिकारी श्री बी.एल. चतुर्वेदी के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया। सभी अधिकारियों की देखरेख में सफाई कार्यों को प्रभावी रूप से अंजाम दिया गया।
नगर निगम की आईईसी टीम ने घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता का महत्व समझाया और कचरा पृथक्करण को अपनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमित रूप से कचरे का सही तरीके से निपटान करें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि सिंगरौली को एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।













