रेल यात्रा हुई महंगी, आज से लागू हुआ नया किराया ढांचा

नई दिल्ली। रेलवे मंत्रालय ने गुरुवार को ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 26 दिसंबर से प्रभावी हो गई है। इसके साथ ही अब लंबी दूरी की रेल यात्रा पहले से कुछ महंगी हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों में 215 किलोमीटर तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।रेलवे के अनुसार 215 किलोमीटर से अधिक यात्रा करने पर किराए में वृद्धि लागू होगी। साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा, जबकि मेल/एक्सप्रेस की नॉन-एसी और सभी ट्रेनों की एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है।
दूरी के अनुसार किराया बढ़ोतरी इस प्रकार तय की गई है—
216 से 750 किमी: ₹5
751 से 1250 किमी: ₹10
1251 से 1750 किमी: ₹15
1751 से 2250 किमी: ₹20
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल जैसी विशेष ट्रेनों पर भी उनकी श्रेणी के अनुसार लागू होगी।
हालांकि रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और जीएसटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकटों पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा।
रेलवे ने यह भी साफ किया है कि 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही नया किराया लागू होगा, इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।













