नीमच में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, तीन युवकों की मौत

नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना एमपी-राजस्थान सीमा के पास नयागांव क्षेत्र में रात करीब पौने दो बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
जानकारी के अनुसार कार सवार युवक प्रसिद्ध तीर्थस्थल सांवलिया सेठ के दर्शन कर मल्हारगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान नयागांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और ट्रक के पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में मृतकों की पहचान मल्हारगढ़ निवासी युवा व्यवसायी पिंकेश मांदलिया, उनके साथी भारत डांगी और लसूडिया कदमाला निवासी गोरधन लसूडिया के रूप में हुई है। वहीं भैंसाखेड़ा निवासी राय सिंह पिता गोरा कछावा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह हो सकती है।
मृतक पिंकेश मांदलिया अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के सक्रिय सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से मल्हारगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए।













