सोशल मीडिया पर झूठे आरोपों के खिलाफ वन विभाग कर्मचारियों का विरोध

सिंगरौली। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ, सिंगरौली जिला ने सोशल मीडिया पर वन विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ भ्रामक और तथ्यहीन ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संघ के पदाधिकारियों ने इस बाबत कलेक्टर सिंगरौली और पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संघ का कहना है कि कुछ राजनीतिक दल और व्यक्तियों द्वारा यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर झूठे आरोप लगाकर वन अधिकारियों और कर्मचारियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली और शासन की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है।संघ ने स्पष्ट किया कि कार्यवाहक वनपाल सुशील कुमार बुनकर के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। संघ ने मांग की है कि आरोप प्रमाणित होने तक किसी कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।ज्ञापन सौंपते समय संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।













