मध्य प्रदेशसिंगरौली

बाल कल्याण समिति ने घोरौली बालक छात्रावास का किया निरीक्षण, छात्रों को दी स्वास्थ्य व अधिकारों की जानकारी

सिंगरौली।बाल कल्याण समिति, जिला सिंगरौली द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास, घोरौली का भ्रमण किया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने छात्रावास में रह रहे बच्चों से संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा व अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए उपयोगी सुझाव दिए गए। समिति ने बच्चों को सुबह गुनगुना पानी पीने, सामान्य पानी से स्नान करने, तुलसी, अदरक, काली मिर्च, गिलोय और गुड़ से बने काढ़े का सेवन करने तथा संतुलित आहार लेने की सलाह दी। साथ ही रात में गुनगुने दूध में हल्दी, काली मिर्च और गुड़ मिलाकर पीने के लाभ भी बताए गए।बच्चों की इम्युनिटी और स्मरण शक्ति बढ़ाने के लिए अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, उद्गीत प्राणायाम तथा आवश्यक योगासन की जानकारी भी दी गई।

समिति के चेयरपर्सन डॉ. आर. डी. पांडेय ने बाल हित सर्वोपरि के सिद्धांत पर जोर देते हुए बच्चों को पॉक्सो अधिनियम 2012 के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह कानून बच्चों को यौन शोषण से बचाने के लिए बनाया गया है और इसमें अपराधियों के लिए कड़े दंड का प्रावधान है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की भी अपील की गई। इस अवसर पर समिति के सदस्य एडवोकेट देवधर शर्मा, श्रीमती पूनम मिश्रा, श्रीमती पूनम त्रिपाठी, श्रीमती रीना सिंह, पॉक्सो सपोर्ट पर्सन विनोद सिंह, छात्रावास प्रशासक प्रदीप चतुर्वेदी एवं सहायक दुबे जी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button