बसनीया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, चार लोग घायल

सिंगरौली।मोरवा से चितरंगी जा रही जयसवाल बस को बसनीया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में चार लोग घायल हुए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसा उस समय हुआ जब बस मोरवा से चितरंगी की ओर जा रही थी और सामने से आ रहे ट्रक (क्रमांक एमपी 19एचए 4850) ने तेज रफ्तार में बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक, ट्रक चालक और 14 वर्षीय बालिका ज्योति यादव पिता रामलालन यादव गंभीर रूप से घायल हुई। इसके अलावा मुकेश केवट सहित अन्य लोग भी चोटिल हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर आगे का इलाज शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार थी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर चितरंगी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को सड़क से हटाकर आवागमन बहाल किया। फिलहाल सभी घायल चिकित्सकीय निगरानी में हैं।













