ऊर्जा से आगे नेतृत्व की नई दिशा: आरएलआई विन्ध्याचल में ‘प्रेरणा टॉक सीरीज का सफल आयोजन

सिंगरौली। आरएलआई एनटीपीसी विन्ध्याचल द्वारा 03 एवं 04 दिसंबर 2025 को प्रेरणा -लीडरशिप टॉक सीरीज़ के अंतर्गत दूसरी वार्ता का सफल आयोजन किया गया। “मेगावॉट्स से माइंडसेट्स तक” विषय पर आधारित यह कार्यक्रम चार सत्रों में सम्पन्न हुआ, जिसमें विन्ध्याचल और सिंगरौली परियोजनाओं के कुल 128 कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख, संजीब कुमार साहा के प्रेरणादायी संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रहे परिवर्तनों और हरित तथा नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र में सिंगरौली से वरिष्ठ अतिथिगण जोसेफ बास्टियन (मुख्य महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण) और पियूष श्रीवास्तव (महाप्रबंधक, रसायन) उपस्थित थे। साथ ही विन्ध्याचल के वरिष्ठ अधिकारी ए.जे. राजकुमार, एस.के. सिन्हा, बी.के. भराली और देबब्रत त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
अपर महाप्रबंधक, डॉ. देबसमिता त्रिपाठी ने स्वागत संबोधन में कहा कि प्रेरणा टॉक सीरीज़ का उद्देश्य प्रतिभागियों को वास्तविक नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह मंच युवा और अनुभवी कर्मचारियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का अवसर प्रदान करता है।
सत्रों में ग्लोबल बिज़नेस और पीपल लीडरशिप स्ट्रेटेजिस्ट, राजीव भदौरिया ने मानव-केंद्रित नेतृत्व, सामर्थ्य, अनुकूलनशीलता और भारतीय प्राचीन ज्ञान पर आधारित विचार साझा किए।आरएलआई विन्ध्याचल ऐसे आयोजनों के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं को प्रेरणा, सहयोग और नेतृत्व विकास के सशक्त मंच से जोड़ते हुए उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। कार्यक्रम में यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि सतत नेतृत्व विकास और सहयोग संगठन की प्राथमिकता है।













