कांग्रेस नेताओं ने भास्कर मिश्रा के खिलाफ प्रस्तावित जिला बदर के विरोध में ज्ञापन सौंपा

सिंगरौली। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को भास्कर मिश्रा के खिलाफ प्रस्तावित जिला बदर नोटिस के विरोध में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) एवं पूर्व विधायक सरस्वती सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) ज्ञानेंद्र द्विवेदी, कांग्रेस नेता अमित द्विवेदी, मनोज शाह, पार्षद रामगोपाल पाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन में नेताओं ने प्रशासन से अपील की कि भास्कर मिश्रा के खिलाफ अनुचित कार्रवाई न की जाए और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ बिना गंभीर जांच और उचित कारण के कोई भी क़दम उठाना गलत संदेश देगा।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने जोर देकर कहा कि पार्टी अपने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए सतत प्रयासरत है और किसी भी निर्णय में निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित होना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मीडिया को बताया कि वे प्रशासन से स्पष्ट जवाब और उचित कार्रवाई की उम्मीद करते हैं। कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा के समर्थन में दोपहर से ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही और भास्कर मिश्रा के समर्थन में आवाज बुलंद करते रहे।













