मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीमावर्ती रास्तों से एमपी में धान की अवैध खपाई, करोड़ों के घोटाले की आशंका

सिंगरौली। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है। सीमावर्ती उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से बड़े पैमाने पर घटिया और सड़ी-गली धान सिंगरौली और सीधी जिले की सेवा सहकारी समितियों में खपाई जा रही है। इस धान को कागजों में मध्य प्रदेश के किसानों की बताकर समर्थन मूल्य पर बेचा जा रहा है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार यूपी के सोनभद्र क्षेत्र से रोजाना दर्जनों पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली एमपी की सीमा में प्रवेश कर रही हैं। आरोप है कि चेक पोस्टों और पुलिस चौकियों पर प्रति वाहन 1,000 से 6,000 रुपये तक की अवैध वसूली कर इन्हें बिना रोक-टोक प्रवेश दिया जा रहा है।

खरीदी केंद्रों पर दलाल बाहरी धान को स्थानीय किसानों के नाम पर दर्ज कर रहे हैं, जबकि असली किसान लाइन में खड़े रहते हैं। नागरिकों ने चेक पोस्टों पर सीसीटीवी लगाने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह घोटाला प्रदेश की कृषि व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button