बरगवां रेंज के बिट ओबरी में करोड़ों की प्लांटेशन संकट में
वन विभाग की लापरवाही से जंगल हो रहा नष्ट, अवैध कटाई जारी

सिंगरौली जिले के बरगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत बिट ओबरी में करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किए गए प्लांटेशन में हाल के वर्षों में लगातार लकड़ियों की अवैध कटाई जारी है। वर्ष 2019 में आर एफ 578 में तैयार किया गया यह प्लांटेशन अब संरक्षण और देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे नष्ट होने की कगार पर है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिट गार्ड नियमित रूप से तैनात नहीं हैं, और चौकीदार अपनी ड्यूटी नहीं निभा रहे। इसके चलते असामाजिक तत्व खुलेआम जंगल में प्रवेश कर कीमती वृक्षों की कटाई कर रहे हैं। प्लांटेशन की सुरक्षा के लिए लगाई गई जाली बाउंड्री वर्षों से बदहाल है, जिससे अवैध गतिविधियों को रोक पाना असंभव हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही और कर्मचारियों की जिम्मेदारी में कमी से प्लांटेशन लगातार नुकसान में है। पर्यावरण प्रेमियों ने आग्रह किया है कि बाउंड्री की मरम्मत, अवैध कटाई रोकने के लिए सख्त निगरानी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तत्काल की जाए।वन विभाग की तत्काल सक्रियता के बिना करोड़ों की लागत से तैयार यह प्लांटेशन पूरी तरह नष्ट होने के खतरे में है।













