बस-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत
मोरवा-जयंत मार्ग पर सड़क हादसा, मोटरसाइकिल चकनाचूर

सिंगरौली -जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मोरवा से बैढ़न जा रही बस और जयंत से डिलेवरी करके मोरवा लौट रहे मोटरसाइकिल सवार की आमने-सामने भिड़ंत में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कलश गुप्ता, पिता रामलाल गुप्ता, निवासी मोरवा के रूप में हुई है। वह मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी66जेडडी5013 से जयंत से मोरवा लौट रहे थे, जबकि बस क्रमांक एमपी66पी1118 मोरवा से बैढ़न जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई और बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को पिकअप वाहन में लोड कर मोरवा थाना भेजा, वहीं बस को एक्सप्रेसवे किनारे खड़ा कर यातायात बहाल कराया।
मृतक का शव अब नेहरू शताब्दी चिकित्सालय की मर्च्युरी में रखा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।













