नववर्ष से पहले अवैध शराब के खिलाफ माड़ा पुलिस का बड़ा अभियान
63 शराब विक्रेताओं से जब्त हुई 284 लीटर अवैध शराब

सिंगरौली- जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में नववर्ष को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंह और अनुविभागीय अधिकारी गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा ने बीते एक सप्ताह में विशेष अभियान चलाकर 63 अवैध शराब विक्रेताओं से कुल 284 लीटर अवैध शराब जब्त की। जब्त शराब में महुआ, देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैढ़न न्यायालय में चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 20 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 के बीच लगातार जारी रही। विभिन्न टीमों द्वारा अलग-अलग तिथियों में की गई जांच में 155 लीटर महुआ शराब और 129 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
थाना माड़ा क्षेत्र के ढाबों, गुमटियों और अवैध ठिकानों पर दबिश देकर शराब बेचने वालों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अवैध शराब बेचते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष सुरक्षित मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।













