सीधी

जिले भर में महिलाओं ने मनाया करवा चौथ का व्रत,इस त्यौहार को लेकर बीते कई दिनों से थी बाजार में रौनक।

जिले भर में महिलाओं ने मनाया करवा चौथ का व्रत,इस त्यौहार को लेकर बीते कई दिनों से थी बाजार में रौनक।

सीधी

सीधी जिले में करवा चौथ का त्योहार बीते कुछ दशकों में तेजी के साथ हर घर की महिलाओं के बीच लोकप्रिय होता रहा है। अतीत में जिले की महिलाएं सिर्फ तीज व्रत का त्योहार रखती रही हैं परंतु मॉडर्न कल्चर का सामाजिक समावेश होने के चलते अब जिले भर में महिलाएं करवा चौथ व्रत और इससे जुड़े त्यौहार के अनुष्ठान को मानने लगी हैं।
कल बुधवार को करवा चौथ व्रत होने के कारण जिले सुहागिन महिलाओं ने इस पर्व धूमधाम से मनाया। उन्होंने पति की लंबी आयु के लिए दिन भर निर्जला व्रत रखा। चांद को अर्ध्य देकर देर शाम को सुहागिन महिलाओं ने चलनी की ओट से पति का दीदार करते हुए व्रत खोला। सुबह से ही करवाचौथ को लेकर रौनक का माहौल देखने को मिला। सुहागिन महिलाएं सज-धजकर मंदिर गईं और भगवान का दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। करवाचौथ सुहागिनों का महत्वपूर्ण त्यौहार माना गया है। इस पर्व पर महिलाएं हाथों में मेहदी रचाकर, चूड़ी पहन व सोलह श्रृंगार कर अपने पति की पूजा कर व्रत का परायण करती हैं। सुहागिन महिलाओं के लिए यह व्रत काफी खास माना जाता है। जिसका इंतजार महिलाएं काफी बेसब्री से करती हैं।
कई दिनों से गुलजार था बाजार
करवा चौथ के व्रत को लेकर बाजार कई दिनों से गुलजार था। सुहागिन महिलाएं इसके लिए कई दिनों से खरीदी भी कर रही थी। जिनमें कपड़े, श्रृंगार एवं पूजा सामग्री मुख्य थी। कल सुबह से ही करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। महिलाओं ने करवा माता की कथा सुनकर पूजन किया। शाम से ही सुहागिन महिलाओं को चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार रहा। जब चांद निकला तो सभी सुहागिन महिलाओं ने चांद को देखकर सारी रस्म अदायगी की रात्रि में जब पूर्ण चन्द्रोदय हो गया तब तब चन्द्रमा को छलनी से देखकर महिलाओं ने चंद्रमा की पूजा कर अर्ध्य दिया और इसके बाद पति से आशीर्वाद लिया। पतियों ने अपने हाथ से पानी पिलाकर व्रत पूरा कराया और उपहार भी दिए। सुहागिन महिलाओं ने घर के बड़े-बुजुर्गों से पति की लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद लिया।
स्थिति यह रही कि गांधी चौक, डीपी काम्प्लेक्स क्षेत्र, संजीवनी पालिका बाजार क्षेत्र में खरीददारों की भारी भीड़ कल तीसरे दिन भी शाम तक बनी रही। करवाचौथ से संबंधित सामग्री की बिक्री करने वाले व्यवसायियों की भी भारी चांदी कटती रही।
सीधी शहर के साथ ही रामपुर नैकिन, मझौली, चुरहट, अमिलिया, सिहावल, सेमरिया, मड़वास, बहरी अंचल में करवाचौथ को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया।
सोशल मीडिया पर छाया रहा करवा चौथ 
कल पूरे दिन सोशल मीडिया पर करवा चौथ ही ट्रेंड करता रहा। महिलाओं ने हैशटैग के साथ मेहंदी की तस्वीरें अपने अकाउंट पर पोस्ट की। वॉट्सअप स्टेटस से लेकर डीपी तक पर मेहंदी और चलनी लेकर चांद देखती तस्वीरें लगी नजर आई। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर करवाचौथ की तस्वीरें और बधाइयों की तस्वीर से पोस्ट भरे रहे। इसकी शुरूआत एक दिन पहले से ही हो गई थी। सुहागिन महिलाओं द्वारा मेहदी लगे हाथों को सोशल मीडिया में काफी उत्साह के साथ पोस्ट किया जा रहा था। कई महिलाओं द्वारा तो अपने वाट्सअप स्टेटस की डीपी में भी मेहदी और चलनी की तस्वीरें लगा दी थी। करवाचौथ के व्रत को लेकर शहरी क्षेत्र की सुहागिन महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साह देखा जाता है।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page