पिपरा झांपी में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सिंगरौली । जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत खुटार चौकी क्षेत्र के पिपरा झांपी गांव में युवक अंबेश शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को सामान्य न मानते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों की आशंका को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।













