पत्रकारों पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर श्रमजीवी पत्रकार जन कल्याण परिषद ने सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली-सिंगरौली जिले में हाल ही में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता भास्कर मिश्रा और उनके साथियों द्वारा पुलिस मुख्यालय के मुख्य द्वार के सामने पत्रकारों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिसे दलाल मीडिया जैसे नारे के रूप में पेश किया गया। इस घटना पर पत्रकार जगत ने तीखी आपत्ति जताई और इसे निंदनीय बताया।
इसी के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार जन कल्याण परिषद, सिंगरौली के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के नाम एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली को सौंपा।
ज्ञापन में परिषद ने आरोप लगाया कि भास्कर मिश्रा पर सैकड़ों अपराध प्रकरण दर्ज हैं, और दो बार जिला बदर की कार्यवाही प्रस्तावित हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।पत्रकार संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि भास्कर मिश्रा द्वारा जिले में एक विशेष वर्ग को लेकर लगातार धरने-प्रदर्शन और आंदोलनों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे जिले की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और भविष्य में कानून-व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई।
ज्ञापन में यह मांग की गई है कि भास्कर मिश्रा को तत्काल सिंगरौली जिले से जिला बदर किया जाए। परिषद ने यह भी कहा कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पत्रकार संगठन आंदोलन करने के लिए विवश होगा और उसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली ने पत्रकार प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार अजय शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह, मनु शाह, विपिन सिंह, आर.पी. सोनी, राजेश सिंह, शशिकांत कुशवाहा, रूपेश चतुर्वेदी, अनिल सिंह, सोनू, सागर सिंह, सुनील जायसवाल, पप्पू शर्मा, आशीष शाह सहित अन्य दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।













