अब ई-टोकन से किसान पा सकेंगे खाद, घर बैठे मोबाईल से कर सकेंगे बुक

सिंगरौली -उप संचालक कुषि द्वारा अवगत कराया गया है कि किसानों को अब खाद के लिए कतार में लगने के साथ धक्का-मुक्की और विवादों से नही जूझना पड़ेगा । अब खाद वितरण के लिए “ई-विकास प्रणाली” की शुरुआत की जा रही है, जिसके माध्यम से किसान ई-टोकन से खाद पा सकेंगे ।
यह टोकन किसान घर बैठे अपने मोबाईल से ही बुक कर सकेंगे । यह नवीन व्यवस्था जल्द ही शुरू हो रही है। इससे खाद को लेकर किसानों को बड़ी राहत मिलेगी । इस सुविधा से किसान मार्कफेड, समिति और निजी दुकानदारों के यहाँ उपलब्ध खाद के स्टॉक की जानकारी भी पा सकेंगे तथा अपनी सुविधा अनुसार खाद विक्रेताओं का चयन करने के बाद ई-टोकन बुक कर सकेंगे ।
नई व्यवस्था में किसान गूगल पर etoken.mpkrishi.org लिंक के माध्यम से आधार नम्बर और ओटीपी फीड कर लॉगिन कर सकेंगे । लॉगिन करने पर पोर्टल पर एग्रीस्टेक (फार्मर आईडी) से कृषि भूमि अपडेट कर मौसम और फसल का चयन करने के बाद फसल और कृषि भूमि अनुसार उर्वरको की गणना पोर्टल पर प्रदर्शित होगी । इसके बाद किसानो को उपलब्ध स्टॉक के बारे में पता चल सकेगा । तदोपरान्त किसान ई-टोकन बुक कर सकेंगे ।













