इंदौर में सड़क हादसे में 3 की मौत, पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी भी शामिल

इंदौर, 9 जनवरी: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के रालामंडल इलाके में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा भी शामिल हैं। हादसे में एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब कार सवार युवक-युवतियां पार्टी मनाकर लौट रहे थे। कार और ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी भी कर दी है।
घायल युवती की पहचान अनुष्का के रूप में की गई है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।











