वार्ड 36 में पीसीसी सड़क निर्माण और सामुदायिक भवन का हुआ भूमि पूजन
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने किया पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ

सिंगरौली-नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने ग्राम तेलगवा में स्थानीय जरूरतों और जन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामवासियों को बेहतर सड़क सुविधाएं प्रदान करना है। इस मौके पर पार्षद मिश्रा ने बताया कि यह कार्य नगर पालिक निगम सिंगरौली के कायाकल्प योजना के तहत कराया जा रहा है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही, ग्राम जुवाडी में एक सामुदायिक भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इस कार्य की शुरुआत से पहले एनटीपीसी अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि सामुदायिक भवन निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा, जो क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने कहा कि जनहित में किए जा रहे ये कार्य क्षेत्रवासियों की प्राथमिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। इन विकास कार्यों से न केवल स्थानीय जनसमूह को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।













