सिंगरौली में चाइनीज मांझे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध

सिंगरौली-जिले में मकर संक्रांति और पतंगबाजी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सिंगरौली पुलिस ने चाइनीज मांझा (नायलॉन/ग्लास कोटेड धागा) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस खतरनाक मांझे का उपयोग न करें, क्योंकि इसके कारण कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें बच्चों की जान जाना, हाथ-पैर घायल होना और पक्षियों की मृत्यु जैसी घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, चाइनीज मांझा दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पशु-पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अवैध रूप से इसे बेच रहे हैं, जो कानूनन अपराध है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि चाइनीज मांझा बेचने, रखने या उपयोग करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिंगरौली पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे केवल सूती (कॉटन) धागे से पतंग उड़ाएं और बच्चों को भी इसी प्रकार के धागे से पतंग उड़ाने दें। इसके साथ ही, अगर किसी भी स्थान पर चाइनीज मांझा बिकते हुए देखा जाए, तो नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए।सुरक्षित पतंगबाजी और जनसुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है—पुलिस ने यह भी कहा कि हम सब मिलकर इस त्योहार को खुशियों के साथ मनाएं, बिना किसी के जीवन को खतरे में डाले।













