परसौना पुल के पास ऑटो पलटा, 4-5 लोग गंभीर रूप से घायल

सिंगरौली। जिले के परसौना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11 बजे परसौना पुल के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 4-5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षत्रिय कुलावंत संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो तेज गति से आ रहा था और खराब सड़क की वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया। घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को संगठन की मदद से तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, लेकिन सभी खतरे से बाहर हैं।
स्थानीय लोगों ने परसौना पुल के चौड़ीकरण के अधूरे निर्माण कार्य को हादसे की मुख्य वजह बताया। उनका कहना है कि सड़क संकरी होने, निर्माण सामग्री बिखरी होने और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक न होने से यह क्षेत्र आए दिन दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील है।इस मामले पर एमपी आरडीसी प्रबंधक समीर गोहर ने कहा कि यह सड़क 4 लेन के लिए प्रस्तावित है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। तब तक प्रशासन उन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाएगा और सड़क को फिलहाल सुरक्षित बनाने के प्रयास करेगा, ताकि हादसों की संख्या कम हो सके।













