राजौरी के तेरियाथ में संदिग्ध ड्रोन दिखने से दहशत, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

राजौरी।जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के तेरियाथ इलाके में रविवार शाम कथित तौर पर ड्रोन जैसी वस्तु देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है, जब लोगों ने आसमान में कम ऊंचाई पर उड़ती एक संदिग्ध वस्तु देखी।
स्थानीय निवासी पंकज शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से ड्रोन जैसी वस्तु को उड़ते हुए देखा। उनका कहना है कि यह सामान्य गतिविधि नहीं लगती और इससे क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
एक अन्य स्थानीय नागरिक बोध राज ने भी चिंता जताते हुए कहा कि सीमावर्ती इलाकों में पहले से ही लोग संवेदनशील माहौल में रहते हैं और इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा और मानसिक शांति को प्रभावित करती हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार प्राप्त सूचनाओं की हर पहलू से पुष्टि की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और सुरक्षा बल स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।













