शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कार्यशाला का दूसरा दिन संपन्न

सिंगरौली। शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में इको क्लब के तत्वावधान में आयोजित फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कार्यशाला का दूसरा दिन उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर आधुनिक मीडिया कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
दूसरे दिन के सत्र में विद्यार्थियों को कंपोज़िशन और विज़ुअल डिज़ाइन के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी फोटो या वीडियो को प्रभावशाली बनाने में फ्रेमिंग, प्रकाश व्यवस्था, कैमरा एंगल, बैलेंस और रंगों की भूमिका बेहद अहम होती है। इस दौरान थर्ड रूल, लीडिंग लाइन्स, डेप्थ और फोकल पॉइंट जैसे विषयों को सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया, जिससे विद्यार्थी आसानी से इन तकनीकों को समझ सकें।कार्यशाला में यह भी बताया गया कि बेहतर विज़ुअल प्रस्तुति के माध्यम से किसी संदेश को अधिक प्रभावशाली और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने सत्र के दौरान सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में व्यावहारिक अभ्यास भी किया। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उनकी रचनात्मक सोच को नई दिशा मिली।
महाविद्यालय प्रशासन एवं इको क्लब के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं और उन्हें भविष्य की संभावनाओं के लिए तैयार करती हैं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है।आयोजकों ने बताया कि आगामी सत्रों में विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल अभ्यास के साथ-साथ फोटो और वीडियो एडिटिंग की तकनीकों की भी जानकारी दी जाएगी।













