मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली जिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं से अवैध वसूली का मामला सामने आया

सिंगरौली। जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में गर्भवती महिलाओं का नार्मल प्रसव कराने के नाम पर परिजनों से कथित अवैध वसूली का मामला फिर उजागर हुआ है। यह खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो के जरिए हुआ, जिसमें एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की सहकर्मी परिजनों से नार्मल डिलीवरी के नाम पर 10 हजार रुपये लेने का सौदा करती दिख रही है। ऑडियो में सहकर्मी बड़ी चालाकी से परिजनों को ऑपरेशन का भय दिखा कर डराती है और अतिरिक्त पैसे की मांग करती है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ट्रामा सेंटर में कई मामलों में नार्मल प्रसव की पूरी संभावना होते हुए भी जानबूझकर परिजनों को डराकर पैसे वसूले जाते हैं। प्रथम माह से प्रसव तक परामर्श लेने वाले परिजनों को अंतिम समय में बताया जाता है कि नार्मल डिलीवरी संभव नहीं है और अन्य अस्पताल में सर्जरी करनी होगी, जिससे 50 हजार रुपये तक खर्च का डर दिखाया जाता है।

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी तरह के ऑडियो वायरल हो चुके हैं, लेकिन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण रोकथाम नहीं हो पाई। नवागत कलेक्टर को इस भ्रष्टाचार पर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।वायरल ऑडियो ने जिला चिकित्सालय में लंबे समय से चल रही अवैध वसूली और भ्रस्ट व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिससे गरीब परिवारों का आर्थिक शोषण लगातार हो रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button