ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

नए साल में महंगी हो सकती है बिजली, पावर जनरेशन कंपनी ने दर बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया

भोपाल-मध्यप्रदेश में नए साल की शुरुआत बिजली उपभोक्ताओं के लिए महंगी साबित हो सकती है। राज्य की पावर जनरेशन कंपनी ने मप्र विद्युत नियामक आयोग के समक्ष बिजली दरों में 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। आयोग अब इस प्रस्ताव पर जन सुनवाई आयोजित करने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। प्रस्ताव सामने आते ही उपभोक्ताओं में बढ़े हुए बिल को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

कंपनी ने अपनी याचिका में दावा किया है कि लाइन लॉस बढ़ने और वित्तीय दबाव के कारण टैरिफ संशोधन अनिवार्य हो गया है। हालांकि दरें कितनी बढ़ेंगी, यह सुनवाई के बाद तय होगा। सूत्रों के अनुसार, बढ़ोतरी की सीमा 10% तक प्रस्तावित है।आयोग के अधिकारियों का कहना है कि जन सुनवाई 15 दिसंबर से शुरू हो सकती है, हालांकि इसका औपचारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।

 

गौरतलब है कि बिजली की दरें इससे आठ महीने पहले ही बढ़ाई गई थीं। पिछले वर्ष कंपनी ने 7.52% बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन आयोग ने केवल 3.46% वृद्धि को मंजूरी दी थी। वहीं चुनावी वर्षों में आयोग ने सख्ती दिखाई थी—2024 में मात्र 0.7% और 2023 में केवल 1.65% ही बढ़ोतरी की गई थी।

 

सूत्रों का अनुमान है कि इस बार राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आयोग 4 से 6% तक की दर बढ़ोतरी को मंजूरी दे सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए नए साल में बिजली बिल बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button