विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना बनेगी समृद्धि का आधार: विश्वामित्र पाठक
देवसर में योजना व केंद्रीय बजट पर संयुक्त कार्यशाला आयोजित

सिंगरौली। देवसर स्थित मंगल भवन में शनिवार को विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना एवं केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर मंडल नौढिया और जियावन की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी ने अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य की जानकारी दी।
योजना से ग्रामीण विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्य वक्ता विधायक विश्वामित्र पाठक ने विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार सृजन और समृद्धि का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से गांवों में अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी और ग्रामीण परिवारों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से योजना को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को इसके लाभों से अवगत कराने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि ग्रामों के समग्र विकास में जनभागीदारी आवश्यक है और इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
125 दिन रोजगार और समय पर भुगतान की व्यवस्था
विधायक पाठक ने बताया कि पहले मनरेगा योजना के तहत परिवारों को 100 दिन रोजगार मिलता था, जबकि नई योजना में पात्र परिवारों को 125 दिन रोजगार देने का प्रावधान किया गया है। साथ ही समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और भुगतान में देरी होने पर पेनाल्टी का प्रावधान भी किया गया है।
केंद्रीय बजट से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
कार्यशाला में विधायक पाठक ने केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रावधानों और नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे को विकसित करने और आमजन की समृद्धि सुनिश्चित करने वाला है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रमापति साहू (मंडल अध्यक्ष जियावन), वरिष्ठ अधिवक्ता संतराम सिंह बैंस, कालिका बैंस, कमलेंद्र चतुर्वेदी, शुंधांशू द्विवेदी, रामप्रसाद बैस, इंद्रजीत सिंह, मानिक राम पनिका, परशुराम तिवारी, रूबी जायसवाल, सुनीता विश्वकर्मा, मंगलदिन बैस, ठाकुर प्रसाद द्विवेदी, लालप्रताप राठौर, भगवानदास गुप्ता, बबुआ राम यादव, रावेंद्र द्विवेदी, रामलौटन बैस, ऊषा साकेत, मायावती बैगा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय साहू सहित जनपद सदस्य, सरपंच, मंडल पदाधिकारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।













