सिंगरौली
गोरबी में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सात वाहन जप्त

सिंगरौली- जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर द्वारा मंगलवार को गोरबी क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना परमिट संचालित हो रहे सात वाहनों को कार्रवाई करते हुए जप्त किया गया और उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से मोरवा थाने में खड़ा कराया गया।
जप्त किए गए वाहनों में एक क्रेन, चार टैक्सी वाहन तथा एक पिकअप वाहन शामिल हैं। अधिकारी राठौर ने बताया कि बिना परमिट एवं नियम विरुद्ध ढंग से चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है।













