बीजापुर में नाव पलटी: एक ही परिवार के चार लोग लापता, दो बच्चे शामिल

रायपुर।छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भैरमगढ़ के समीप इंद्रावती नदी के उसपरी झिल्ली घाट पर बुधवार देर रात एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोग लापता हो गए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। नाव में सवार पांच लोगों में से एक ग्रामीण महिला को अन्य ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव में एक ग्रामीण पुरुष, दो बच्चे और दो महिलाएं सवार थीं। सभी लोग उसपरी के साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने के बाद नदी पार कर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही भैरमगढ़ से मोटरबोट के साथ नगर सैनिकों का बचाव दल उसपरी झिल्ली घाट के लिए रवाना किया गया। भैरमगढ़ के एसडीएम विकास सर्वे ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व और स्वास्थ्य विभाग का अमला भी घटनास्थल के लिए भेजा गया है।
भैरमगढ़ थाना प्रभारी टीआई नाग ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर रवाना कर दिया गया है। वहीं, बीएमओ डॉ. रमेश तिग्गा ने कहा कि एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम घटनास्थल पर मौजूद है और बचाव कार्य जारी है।
क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि त्वरित सहायता के लिए राजस्व विभाग और बीजापुर से नगर सैनिकों के विशेष बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। देर रात तक नदी में लापता लोगों की तलाश जारी थी।













