नंद्याल में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में तीन की मौत, चार यात्री घायल

नंद्याल।आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार यात्री घायल हो गए। घायलों को मामूली फ्रैक्चर की चोटें आई हैं और उन्हें नंद्याल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब एक से दो बजे के बीच हुआ। नेल्लोर से हैदराबाद जा रही एक निजी बस का आगे का दाहिना टायर अचानक फट गया, जिससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस रोड डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही एक लॉरी (ट्रक) से टकरा गई।
टक्कर के तुरंत बाद बस और लॉरी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने बस के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में यातायात बहाल कराया।
नंद्याल के एसपी सुनील श्योरान ने बताया कि बस में कुल 36 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें से चार यात्रियों को मामूली फ्रैक्चर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में बस चालक, लॉरी चालक और लॉरी क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद कुरनूल से आरएफसीएल और एफसीएल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है कि यह सीधे टक्कर से लगी या किसी बैटरी अथवा तकनीकी खराबी के चलते फैली। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।













