सरई यूनियन बैंक में महिला से लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, थाने में दिया आवेदन

सिंगरौली।जिले के सरई स्थित यूनियन बैंक शाखा में एक महिला खाताधारक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बैंक शाखा प्रबंधक और एक बीमा एजेंट पर मिलीभगत कर खाते से रकम निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला ने सरई थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरई निवासी केमली जायसवाल का कहना है कि उनके पति दीनबंधु जायसवाल, जो रेलवे में गैंगमैन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी पेंशन व घर निर्माण के लिए जमा की गई राशि महिला के खाते में ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि सरई यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक कुमार सुमन और बीमा एजेंट अनिल यादव ने महिला की अनपढ़ता का फायदा उठाते हुए बीमा और लोन के नाम पर 4 लाख 31 हजार 857 रुपये की राशि खाते से निकाल ली।

महिला ने बताया कि उन्हें न तो किसी बीमा पॉलिसी की सही जानकारी दी गई और न ही किसी ऋण से संबंधित दस्तावेज समझाए गए। जब खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिली, तब उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत सरई थाना पहुंचकर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया को लिखित आवेदन देकर की है।आवेदन में महिला ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बैंक और दलालों की मिलीभगत से उनका आर्थिक शोषण किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद बैंक प्रबंधन और संबंधित दलालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।













