सिराज खान आत्महत्या मामला: उसैद ने गोभा चौकी पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर न्यायिक जांच की मांग की

सिंगरौली।चरगोडा निवासी सिराज खान की आत्महत्या के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के संगठन मंत्री अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी और अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष मकसूद रजा ने गोभा चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच और दोषियों के निलंबन की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को चरगोडा निवासी एक बालिका का अपहरण होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रेस और सोशल मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज किया। हालांकि, कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सिराज खान और उनके परिजनों को पुलिस ने डरा-धमकाकर प्रताड़ित किया, जिससे सिराज खान को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सिद्दीकी और रजा ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अपहृत बालिका के पिता द्वारा नामजद रिपोर्ट न लिखाए जाने के बावजूद क्यों प्रताड़ना की गई, इसकी उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी।













