पेंशन के 600 रुपए के लिए रिश्ते का कत्ल: देवरानी ने जेठानी की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़गढ़ में पेंशन के पैसों को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 600 रुपये की पेंशन राशि के विवाद में 45 वर्षीय देवरानी ने अपनी ही 70 वर्षीय जेठानी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़गढ़ निवासी सुगिया देवी पति कन्हैयालाल साहू (45) ने रविवार शाम अपनी जेठानी महुरी देवी पति स्व. अनंत साहू (70) को घर बुलाया और पेंशन की राशि में हिस्सेदारी की मांग की। मृतका को हर माह 600 रुपये की पेंशन मिलती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि सुगिया देवी ने टांगी और लाठी से महुरी देवी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोरवा थाना पुलिस सक्रिय हुई। निरीक्षक उमेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्या का मामला दर्ज कर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। देर शाम आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक एन.पी. तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण मरावी, संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक अर्जुन सिंह एवं अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













