मध्य प्रदेशसिंगरौली

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम संपन्न

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय करियर मेला एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में करियर काउंसलिंग सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक कर सही दिशा में मार्गदर्शन देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एसडीओ, बीएसएनएल राम प्रताप शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, जीवन कौशल, करियर योजना, उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों, कौशल आधारित रोजगार एवं समाज में सकारात्मक भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार दुबे ने अतिथि वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भ्रम की स्थिति से बाहर निकालकर उनके भविष्य के लिए सही मार्ग चुनने में सहायक होते हैं। उन्होंने शासन की इस पहल को छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया, जिससे सत्र संवादात्मक, प्रेरक एवं उपयोगी रहा। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय परिवार ने संतोष व्यक्त किया।

Author

Related Articles

Back to top button