मध्य प्रदेशसिंगरौली

हनुमान नगर में प्राण-प्रतिष्ठा का वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया

रामचरितमानस पाठ और विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सिंगरौली। हनुमान नगर (भुसामोड़) स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पंजरेह पुनर्वास सेवा समिति एवं नगरवासियों के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

वार्षिकोत्सव के पहले दिन मंगलवार को रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। मानस पाठ के दौरान भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति में श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। भजनों और चौपाइयों की गूंज से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

बुधवार को वार्षिकोत्सव के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सेवा भाव की झलक देखने को मिली, जहां समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर व्यवस्थाएं संभालीं।

कार्यक्रम में पंजरेह पुनर्वास सेवा समिति के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, धार्मिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धा और सेवा से ओतप्रोत यह वार्षिकोत्सव हनुमान नगर क्षेत्र के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button