
मनोज शर्मा
चंडीगढ़। बहिन उमा सारथी जी महाराज के लाडले गोरे ठाकुर जी का 36वां वार्षिक उत्सव श्री युगल विहार निकुंज–520, समाधि गेट,मनीमाजरा में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन बहिन उमा सारथी जी महाराज की अध्यक्षता में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक श्रद्धा,भक्ति और संकीर्तन के वातावरण में संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
अंकित अरोड़ा ने बताया की आयोजन के पहले दिन 30 जनवरी को प्रातः 10 बजे हवन, दोपहर 12 बजे ब्रह्मभोज तथा सायं 5 से 6 बजे तक संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री युगल कृपा मण्डल, चंडीगढ़ के सान्निध्य में संपन्न होगा।
31 जनवरी को प्रातः 10 बजे 108 सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 4 से 6 बजे तक श्री राधा संकीर्तन महिला मण्डल, पंचकुला द्वारा हरिनाम संकीर्तन एवं प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा।
उत्सव के अंतिम दिन 1 फरवरी को प्रातः 10 बजे हरिनाम संकीर्तन एवं प्रवचन होंगे। दोपहर 1 बजे ठाकुर जी के भव्य दर्शन तथा दोपहर 2 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सायं 7 बजे से प्रभु इच्छा तक होली मेला उत्सव भी आयोजित होगा, जिसमें श्री राधा संकीर्तन मण्डल, पंचकुला-चंडीगढ़ की विशेष प्रस्तुति रहेगी।
प्रेम सचदेवा ने बताया की इस धार्मिक आयोजन के आयोजक श्री गोरे ठाकुर महिला संकीर्तन मण्डल, मनीमाजरा हैं, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी श्री राधा संकीर्तन मण्डल, पंचकुला चंडीगढ़ द्वारा निभाई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन बैठक के उपरांत ठाकुर जी का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।













