बजट सत्र शुरू: पीएम मोदी ने दिया ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ का मंत्र, युवाओं के लिए बताए नए अवसर

नई दिल्ली। संसद का बहुप्रतीक्षित बजट सत्र गुरुवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए सरकार की विकास नीति और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार की दिशा ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ पर आधारित है और इसी सोच के साथ देश को आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें सांसदों से देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद के सभी सदस्य सदन की कार्यवाही को सार्थक बनाएंगे। पीएम मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक साख पर भी जोर दिया और कहा कि आज भारत दुनिया के लिए आशा का केंद्र बन चुका है।
उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे युवाओं, किसानों और मछुआरों के लिए नए अवसर खुलेंगे। 27 यूरोपीय देशों का बाजार भारतीय उत्पादों के लिए खुलना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। प्रधानमंत्री ने गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धा पर बल देते हुए उत्पादकों से वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य करने की अपील की।
विपक्ष को संदेश देते हुए पीएम ने कहा कि यह समय व्यवधान का नहीं, बल्कि समाधान का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बजट सत्र से देश को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













