देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में संपन्न, उमड़ा जनसैलाब

बारामती। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार 29 जनवरी को बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके दोनों पुत्र पार्थ पवार और जय पवार ने मुखाग्नि दी, जबकि पत्नी सुनेत्रा पवार ने गंगाजल अर्पित कर पति को अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात से ही बारामती में समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया था, जिससे सुबह कई इलाकों में यातायात जाम की स्थिति बन गई। बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बसों से पहुंचे हजारों लोगों ने अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। करीब एक से दो किलोमीटर तक लोगों का सैलाब नजर आया।

गौरतलब है कि अजित पवार का चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह करीब 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पवार समेत उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य सहित कुल पांच लोगों की मृत्यु हो गई। वे आगामी जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में रैलियों को संबोधित करने वाले थे। उनके निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

Author

Related Articles

Back to top button