देश विदेश

फिल्मनिर्माता विक्रम भट्ट धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार, उदयपुर के व्यापारी से 30 करोड़ की ठगी का आरोप

मुंबई। फिल्मनिर्माता विक्रम भट्ट को मुंबई और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उदयपुर के उद्योगपति और इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया द्वारा दर्ज कराई गई 30 करोड़ रुपए की ठगी की शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस ने विक्रम भट्ट को उनकी साली के घर, मुंबई के यारी रोड स्थित गंगा भवन अपार्टमेंट से हिरासत में लिया।

सूत्रों के अनुसार राजस्थान पुलिस, भट्ट को ट्रांजिट रिमांड के लिए मुंबई के बांद्रा कोर्ट में पेश कर सकती है। शिकायत के मुताबिक डॉ. मुर्डिया की मुलाकात एक इवेंट के दौरान दिनेश कटारिया नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने अपनी पत्नी की बायोपिक फिल्म बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद अप्रैल 2024 में उन्हें मुंबई के वृंदावन स्टूडियो बुलाया गया, जहां उनकी मुलाकात फिल्मनिर्माता विक्रम भट्ट से कराई गई।

यहां ‘बायोनिक’ और ‘महाराणा’ नामक फिल्मों के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट साइन हुआ। अनुबंध के बाद 31 मई 2024 को 2.5 करोड़ रुपए भट्ट को ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 7 करोड़ की एक और मांग की गई और कहा गया कि कुल 47 करोड़ में 4 फिल्मों का निर्माण होगा, जिससे 100 से 200 करोड़ रुपए तक की कमाई होगी। इस आधार पर व्यापारी ने लगातार ऑनलाइन भुगतान किए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिन वेंडर्स के नाम पर इंदिरा एंटरटेनमेंट से भुगतान हुआ, वे फर्जी निकले — कुछ रंगाई-पुताई का काम करते थे, तो कुछ ऑटो चालक थे। जांच में यह भी सामने आया कि भुगतान की बड़ी राशि विक्रम भट्ट की पत्नी के खाते में ट्रांसफर की गई। इसी मामले को गंभीर मानते हुए उदयपुर पुलिस ने एक सप्ताह पहले ही भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी और अन्य 6 आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था।

इस मामले में विक्रम भट्ट ने मीडिया से कहा कि उन्हें किसी भी तरह की नोटिस प्राप्त नहीं हुई है और उन्हें मामले की जानकारी सिर्फ मीडिया रिपोर्टों से मिली है। उन्होंने दावा किया कि संभवतः राजस्थान पुलिस को गुमराह किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button