क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
संरक्षक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में अनाथ बच्चों के पिता के संस्कार हेतु किया गया सहयोग

सिंगरौली। संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने नवजीवन बिहार,सेक्टर-04 में बिंद परिवार के अनाथ बच्चों के पिता के धार्मिक संस्कार एवं क्रिया-कर्म के लिए सराहनीय पहल की। संगठन के तत्वावधान में क्षत्रिय परिवार सिंगरौली के सहयोग से पीड़ित परिवार को भोजन की आवश्यक सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चों की माता का पूर्व में ही स्वर्गवास हो चुका था। अब पिता के आकस्मिक निधन के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। अंतिम संस्कार और क्रिया-कर्म के लिए आवश्यक संसाधनों के अभाव में परिवार असहाय स्थिति में था। ऐसे समय में क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने आगे बढ़कर परिवार को सम्मानपूर्वक धार्मिक कृत्य संपन्न कराने का संबल दिया।
इस सेवा कार्य में संगठन के संरक्षक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।कार्यक्रम में संगठन के उपाध्यक्ष बृजभूषण सिंह के साथ रावेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, आनंद मोहन सिंह, राहुल सिंह, कुंदन सिंह सहित संगठन के अन्य सदस्यों ने समर्पण भाव से सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर क्षत्रिय कुलावंत संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा कि संगठन की स्थापना का उद्देश्य ही समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़ा होना है।उन्होंने कहा कि संगठन सदैव 36 कौम के सहयोग में खड़ा रहा है और आगे भी सड़क दुर्घटनाओं में सहायता, रक्तदान एवं पीड़ित परिवारों की मदद जैसे सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
स्थानीय नागरिकों ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।













