वायरल वीडियो को लेकर राजस्व अधिकारी आर.पी. वैश्य की सफाई, बोले—यह नियमित कार्यालयीन कार्य का हिस्सा

सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के राजस्व अधिकारी आर. पी. वैश्य का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में उन्हें पैसे गिनते हुए दिखाया गया है, जिस पर उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह पूरी तरह नियमित कार्यालयीन कार्य से संबंधित है।
राजस्व अधिकारी आर. पी. वैश्य ने बताया कि “नगर निगम कार्यालय में प्रतिदिन टैक्स एवं अन्य राजस्व जमा करने नागरिक आते हैं। इस दौरान नगद राशि प्राप्त होती है, जिसे गिनना और आवश्यकता पड़ने पर खुले पैसे लौटाना हमारी जिम्मेदारी होती है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो कब का है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन वीडियो में दिख रहा लेन-देन किसी भी प्रकार से अनुचित या गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि “इस वीडियो को गलत मंशा से प्रस्तुत कर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे बताया कि “राजस्व कार्यालय में प्राप्त हर राशि का पूरा लेखा-जोखा रजिस्टर में दर्ज किया जाता है और समस्त प्रक्रिया नियमानुसार होती है।”
आर. पी. वैश्य ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर वीडियो को गलत संदर्भ में फैलाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
राजस्व अधिकारी की सफाई के बाद यह स्पष्ट होता है कि बिना तथ्यों के किसी वीडियो को वायरल करना न केवल भ्रामक है बल्कि प्रशासनिक कार्यों को लेकर अनावश्यक भ्रम भी पैदा करता है।













