तेज आंधी-तूफान से महिला की मौत, कई घरों को नुकसान; 48 घंटे तक खराब मौसम की चेतावनी

सिंगरौली। जिले में सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ली। करीब 20 मिनट तक चली तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में नुकसान भी हुआ। चितरंगी क्षेत्र के आदिवासी अंचल में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
माड़ा थाना क्षेत्र के बैतरिया गांव में तेज आंधी के दौरान मकान की टीन शीट गिरने से मंजू देवी विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि मंजू देवी के तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार उनके पति पहले ही उन्हें छोड़कर दूसरा विवाह कर चुके हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं खिरवा गांव के कैरेला टोला निवासी किसान पप्पू विश्वकर्मा का कच्चा मकान भी तेज तूफान की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज हवाओं से मकान की छत उड़ गई और दीवार का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई।
मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने आवास और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित किसान ने प्रशासन और राज्य सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
इधर मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।











