तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत

भोपाल: भोपाल के ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ईटखेड़ी निवासी गुलाब मेहर के बेटे हर्ष मेहर, भतीजा सतीश मेहर और उनके दोस्त लकी अहिरवार व गब्बर एक कार में सवार होकर रात करीब 11:30 बजे निपानिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गब्बर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
टक्कर के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन के चेसिस को काटना पड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।













