देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

करोल बाग में बस पलटने से बड़ा हादसा, 2 की मौत, कई घायल

 

नई दिल्ली: नई दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब करीब 25 यात्रियों से भरी बस झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास अचानक पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। बस तेज रफ्तार में थी और उसका संतुलन बिगड़ने के बाद वह एक-दो बार पलटी खा गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।

बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। अंदर कई यात्री फंस गए थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और करीब 100-150 लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी यात्रियों को निकालने में करीब आधे से एक घंटे का समय लगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीसीआर और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button