8 घंटे में नाबालिग बालिका को खोजकर पुलिस ने किया सकुशल बरामद

सिंगरौली: सिंगरौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालिका को महज 8 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित कर खोजबीन शुरू की गई।
घटना के अनुसार, 24 मार्च को फरियादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए कहीं चले जाने की सूचना दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर तलाश शुरू की और तकनीकी एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर बालिका को ग्राम सरई से बरामद कर लिया।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। उनके साथ सहायक उपनिरीक्षक विजय अग्निहोत्री, लेखचंद्र, प्रधान आरक्षक हेमराज पटेल, संतोष साकेत, आरक्षक राजकुमार एवं सहजानंद का योगदान सराहनीय रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम की सराहना की है।













