आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक टक्कर के बाद आग में 10 जिंदा जले

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बस और ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच रायवरम गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने मोड़ पर मुड़ रही एक निजी बस को टक्कर मार दी, जिसके बाद बस में तुरंत आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों ही जलकर खाक हो गए।
बताया जा रहा है कि बस हरिकृष्णा ट्रेवल्स की थी, जो तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे।
टक्कर के बाद लगी आग में बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल सके, जिससे अधिक जनहानि हुई। वहीं आगे बैठे कुछ यात्री किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।













