अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग पर छापा, 10 वाहन जब्त
बिजली कंपनी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बिना कनेक्शन चल रहा था चार्जिंग स्टेशन

जबलपुर। शहर के ओमती क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस प्रशासन और बिजली कंपनी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन का खुलासा किया। नया मोहल्ला क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 10 ई-रिक्शा जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, मौके पर अवैध रूप से चार्जिंग स्टेशन संचालित किया जा रहा था, जहां बिना वैध बिजली कनेक्शन के ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। जांच के दौरान टीम ने पाया कि एक व्यक्ति द्वारा अपने घर से ही यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चलाई जा रही थी।
बिजली कंपनी को इस संबंध में सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान 6 ई-रिक्शा चार्ज होते हुए पाए गए, जबकि 4 अन्य मौके पर खड़े मिले। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध चार्जिंग स्टेशन संचालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इन दिनों ईंधन की कमी के चलते ऐसे अवैध चार्जिंग केंद्रों की संख्या बढ़ रही है, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।













