आधी रात दुकान में लगी आग, कपड़ा दुकान और बाइक जलकर खाक
दुकानदार ने जताई साजिश की आशंका

सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी-2 गांव के बड़कुड़ मोड़ पर देर रात एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा सामान और एक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक जगदीश जायसवाल रोज की तरह दुकान बंद कर अंदर ही सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें तेज होती देख दुकानदार ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कपड़ा और अंदर खड़ी बाइक पूरी तरह जल गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकानदार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है और जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













